भारत ने दुनिया को बड़ी त्रासदी से बचाया-पीएम मोदी
नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विश्व आर्थिक मंच के दावोस संवाद को संबोधित किया. दावोस एजेंडा में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आपने अर्थव्यवस्था के इस अहम मंच को इस मुश्किल वक्त में भी जीवंत बनाए रखा है. दुनिया की अर्थव्यवस्थाएं कैसे आगे बढ़ेगी ये आज सबसे बड़ा सवाल है. उन्होंने कहा कि भारत की ओर से मैं दुनिया के लिए उम्मीद और सकारात्मकता का संदेश लेकर आया हूं.
पीएम मोदी ने कहा कि जब कोरोना आया तो मुश्किलें भारत के सामने भी कम नहीं थीं. पिछले साल मार्च-अप्रैल में दुनिया के नामी एक्सपर्ट ने क्या-क्या कहा था. किसी ने भारत में कोरोना संक्रमण की सुनामी आने की बात कही थी तो किसी ने दो मिलियन से ज्यादा लोगों की मौत का अंदेशा जताया था. हालात देखकर भारत जैसे विकासशील देश के लिए दुनिया की चिंता भी जायज थी.
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सफलता को किसी एक देश की सफलता से आंकना उचित नहीं होगा. जिस देश में दुनिया की 18 फीसदी आबादी रहती हो, उसने कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण करके पूरी मानवता को बड़ी त्रासदी से भी बचाया है. जब कोरोना शुरू हुआ तो मास्क, पीपीई किट, टेस्ट किट्स हम बाहर से मंगाते थे, आज हम न सिर्फ अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं बल्कि इन्हें अन्य देशों में भेजकर वहां के नागरिकों की सेवा भी कर रहे हैं. आज भारत ही है जिसने दुनिया का सबसे बड़ा कोरोना वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू किया है.
'भारत ने दुनिया को त्रासदी से बचाया'
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने ऐसे वक्त में भी खुद पर निराशा को हावी नहीं होने दिया. हमने कोरोना के लिए खास इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया और लोगों को कोरोना के खिलाफ जंग के लिए तैयार किया. भारत के हर व्यक्ति ने धैर्य के साथ अपने कर्तव्यों का पालन किया और कोरोना के खिलाफ लड़ाई को एक जनआंदोलन में बदल दिया. भारत आज उन देशों में हैं जो अपने ज्यादा से ज्यादा नागरिकों का जीवन बचाने में सफल रहे हैं.

पाठको की राय